उत्तर प्रदेश प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़

अनलॉक होते ही मेरठ नगर निगम खजाना भरने को तैयार

मेरठ। कोरोना वायरस महामारी के बीच मेरठ नगर निगम ने अपना खजाना भरने की पूरी प्लानिंग कर ली है। कोरोना के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रही जनता पर नगर निगम अब हाउस टैक्स का बोझ डालने जा रहा है। नगरायुक्त मनीष बंसल ने बकाया हाउस टैक्स जल्द से जल्द जमा करवाने का आदेश दिया है। वहीं इस वर्ष हाउस टैक्स वसूली का लक्ष्य बढ़ाकर 45 करोड़ कर दिया है। 30 जून माह में कम से कम 5 करोड़ वसूली करने के निर्देश दिए गए हैं।

लॉकडाउन खुलते ही जनता पर बोझ बढ़ाने की तैयारी

मेरठ वासियों पर गृहकर की मार पड़ने जा रही है। कोरोना के कारण पिछले कुछ समय से नगर निगम में हाउस टैक्स वसूली बंद थी। मंगलवार को लॉकडाउन खुलने का आदेश आते ही नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली का फरमान जारी कर दिया। नगरायुक्त ने सभी कर निर्धारण अधिकारियों को हाउस टैक्स बिल भेजने का आदेश दिया है। नगर निगम ने 45 करोड़ का हाउस टैक्स वसूलने का लक्ष्य इस साल तय किया है। केवल जून में ही निगम 5 करोड़ रुपए हाउस टैक्स जमा कराने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।

पिछले साल से बढ़ा लिया लक्ष्य

नगर निगम ने पिछले साल 2020 में 40 करोड़ रुपए का हाउस टैक्स जनता से वसूला था। लगातार तंगी से गुजर रही जनता पर निगम अब टैक्स का भार डालने जा रही है। निगम ने इस साल टैक्स वसूली का लक्ष्य बढ़ाकर 45 करोड़ रुपए कर दिया है। नगर निगम के पास 2 लाख 74 हजार प्रॉपर्टी पंजीकृत हैं। जिनसे वर्तमान में हाउस टैक्स की वसूली होती है। निगम इस संपित्त को बढ़ाकर 3 लाख करने पर काम कर रहा है। जो भी भवन टैक्स देने से बचा है उनसे भी हाउस टैक्स की वसूली की जाए। मेरठ नगर निगम की सीमा में 90 वार्ड आते हैं। जहां जनता से हाउस टैक्स वसूला जाएगा।

SMS भेजकर होगी बकाया टैक्स की वसूली

नगरायुक्त मनीष बंसल ने सभी कर निर्धारण अधिकारियों से कहा है कि जल्द से जल्द भवन स्वामियों को हाउस टैक्स का बिल भेज दिया जाए। ताकि वसूली शुरू हो सके। भवन स्वामियों को नगर निगम द्वारा मोबाइल एसएमएस भेजकर बकाया हाउस टैक्स जमा करने की जानकारी भी दी जाएगी। जिस प्रापर्टी पर अभी हाउस टैक्स नहीं लग रहा। उसको सर्वे के आधार पर खोजकर टैक्स का नोटिस भेजा जाएगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *