उत्तर प्रदेश प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़

कोविड- 19 प्रोटोकॉल के साथ दर्शकों के लिए खुला चिड़ियाघर

गोरखपुर। अनलॉक होने के बाद उत्तर प्रदेश का गोरखपुर सामान्य होने लगा है। करीब डेढ़ महीने के बाद बुधवार को गोरखपुर का चिड़ियाघर वन्य प्रेमियों के लिए खोल दिया गया। कोविड प्रोटोकॉल के साथ दर्शकों को प्रवेश मिला। शहीद अशफाकउल्‍लाह खां चिड़ियाघर खुलने के पहले दिन ही दर्शकों की कतार लगी रही। बच्चों संग युवाओं व बुजुर्गों ने चिड़ियाघर की सैर कर अपने मनपसंद वन्य जीवों का दीदार किया। इस बीच बाड़े के पास खड़े होकर दर्शकों ने बब्बर शेर व दरियाई घोड़े की अठखेलियां देखी। कोरोना महामारी के चलते पिछले डेढ़ महीने से दर्शकों के लिए चिड़याघर बंद था। जो अब अनलॉक होने के साथ ही दर्शकों के लिए खोल दिया गया है। चिड़ियाघर खुलने के बाद यहां का नजारा पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा था।

देश-विदेशों से लाए गए 150 वन्य जीव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी साल पूर्वी यूपी की जनता को गोरखपुर चिड़ियाघर की सौगात दी थी, तभी से यह दर्शकों की पहली पसंद बन गया है। यह सीएम का ड्रीम प्रोजेक्‍ट था। चिड़ियाघर में देश-विदेश से अभी तक 150 वन्य जीवों को यहां लाया जा चुका है। जबकि, जल्द ही गेंडा व तेंदुआ सहित अन्य जीवों को भी लाया जाएगा। चिड़ियाघर में सबसे ज्यादा भीड़ बब्बर शेर व दरियाईघोड़े के बाड़े के सामने रहती है। इसके अलावा चीता, हिरण, सांप और रंग-बिरंगी मछलियों संग पक्षियों को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटती है। बच्चें हो या बड़े। हर किसी में वन्य जीवों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है। करीब 45 दिन बाद अपने मनपसंद वन्य जीवों को देख दर्शकों की खुशी देखते ही बन रही थी। सैर-सपाटे के बीच दर्शकों ने खूब मस्ती की।

बच्चों संग बड़े भी बन गए बच्चे

बुधवार से गोरखपुर में अनलॉक हो गया। अनलॉक के पहले दिन चिड़ियाघर घूमने के लिए लोगों दोस्तों और परिवार संग पहुंचे। चिड़ियाघर की सैर कर बच्चों संग बड़े भी बच्चे बन गए। परिवार के साथ खोराबार के अजय कुमार तिवारी ने बताया कि वे पहली बार पत्‍नी, दादाजी, मां और बच्‍चों के साथ यहां पर आए हैं। चिड़ियाघर की सैर कर मजा आ गया। बच्चों के साथ उन्होंने भी बच्चा बन मनपसंद वन जीवों की अठखेलियां देखीं। बताया कि बच्‍चे काफी दिन से चिड़ियाघर आने की जिद कर रहे थे, लेकिन लॉकडाउन की वजह से प्रवेश बंद था। आज अनलॉक होने के साथ ही चिड़ियाघर खुलने की सूचना मिली, तो कामकाज छोड़ बच्चों को लेकर पहुंच गए। वहीं, डोहरिया बाजार निवासी कुनाल वर्मा भी परिवार संग चिड़ियाघर की सैर करने पहुंचे थे। पत्नी बबिता वर्मा ने बताया कि कई दिनों से बच्चे फरमाईश कर रहे थे। आज चिड़ियाघर आकर उनकी खुशी देखने लायक थी।

सुबह नौ से पांच बजे तक खुलेगा जू, 12 साल तक के बच्चों की इंट्री फ्री

शहीद अशफाकउल्‍लाह खां प्राणि उद्यान के डायरेक्‍टर राजा मोहन ने बताया कि अनलॉक होने के बाद डेढ़ माह के बाद चिड़ियाघर को दर्शकों के लिए खोला गया है। दर्शक सुबह नौ से शाम पांच बजे तक चिड़ियाघर की सैर कर सकेंगे। शाम पांच के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। चिड़ियाघर परिसर में सख्ती के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। बिना मास्क के प्रवेश नहीं मिलेगा। चिड़ियाघर में व्यस्कों के लिए 50 रुपए और 12 से 18 साल के लोगों के लिए 25 रुपए का टिकट है। जबकि, 12 साल से कम उम्र के बच्चों की इंट्री फ्री है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *