उत्तर प्रदेश प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़ वाराणसी

प्रयागराज, वाराणसी, अमेठी समेत 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

लखनऊ। तेज गर्मी और चिपचिपी धूप के बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, अमेठी, खीरी, बहराइच, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर और संत रविदास नगर शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में आज हल्की हवाओं के साथ बारिश के आसार बताए हैं। बारिश और हवाओं के चलते गर्मी से कुछ देर के लिए लोगों को राहत जरूर मिल सकती है।

वहीं, यूपी के 12 जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी आगे जाने लगा है। सबसे गर्म आगरा, झांसी और अलीगढ़ है। आगरा में तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जबकि अलीगढ़ में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बागपत में 41, बांदा में 40, बदांयू में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी लखनऊ के लोग दिन भर उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। यहां अधिकतम पारा 39.5 डिग्री दर्ज हुआ। प्रयागराज में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

10 जुलाई के बाद मौसम बदलने के आसार

उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल 5 दिन तक गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 10 जुलाई से पहले ज्यादा बारिश होने की संभावना कम है।


मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वायु मंडल में रुकने वाली ऊर्जा का सामान्य स्तर 50 से बढ़कर 84% तक पहुंच गया। आने वाले तीन दिनों में उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 9 जुलाई तक लोग गर्मी से परेशान रहेंगे। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 10 जुलाई से बारिश का सिलसिला शुरू होगा और तापमान में गिरावट आनी शुरू होगी।

क्यों बढ़ रहा उत्तर भारत का तापमान

विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश लाने वाले मौसमी तंत्र का अभाव और पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवा उत्तर भारत के कई हिमालयी और पहाड़ी क्षेत्रों में गुरुवार को असामान्य रूप से ज्यादा तापमान का कारण हो सकती है। देश के सबसे ठंडे स्थानों में से एक लद्दाख के द्रास में तापमान जहां शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला जाता है वहां तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक उत्तर भारत के कई इलाके लू और भीषण लू जैसे स्थितियों का सामना कर रहे हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *