पीलीभीत| जिले में दो सगी बहनों की हत्या का मामला सामने आया है। मामला बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के जसौली गांव का है। ईंट-भट्ठा पर काम करने वाली महिला की दो बेटियां सोमवार की शाम शौच के लिए निकली थी। लेकिन जब काफी देर तक नहीं लौटीं तो उनकी खोजबीन शुरू हुई। रात करीब 11 बजे एक लड़की का शव हाइवे किनारे सड़क पर मिला। जबकि दूसरी बेटी का शव मंगलवार सुबह पेड़ पर फंटे से लटका मिला। दोनों के गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पड़ताल शुरू की है। लेकिन अभी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
शौच के लिए निकली थीं बहनें
थाना बिलसंडा के विलासपुर की रहने वाली एक महिला अपने दो लड़कियों के साथ कोतवाली बीसलपुर के गांव जसौली में कई महीने से ईंट-भठ्ठे पर काम करती है। उसके पति की मौत हो चुकी है। महिला ईंट-भट्ठे के पास ही झोपड़ी बनाकर रहती है। सोमवार की शाम उनकी 20 साल की बेटी अपनी 17 साल की बहन के साथ शौच के लिए खेत गई थी। लेकिन इसके बाद लापता हो गईं। काफी देर बीत जाने के बाद जब दोनों वापस घर नहीं पहुंची, तब परिजनों ने उनकी तालाश शुरु की। भठ्ठे से करीब 200 मीटर की दूरी पर पहले बड़ी बेटी का शव मिला।
पुलिस ने गहनता से की पड़ताल
हालांकि तब तक पुलिस को सूचित नहीं किया गया था। परिजन खुद ही दूसरी बेटी की तलाश करते रहे। मंगलवार सुबह भट्ठे से करीब 100 मीटर की दूरी पर छोटी बेटी का शव पेड़ से लटका मिला। आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर SP जयप्रकाश भी घटना का निरीक्षण करने पहुंचे। हालांकि दोनों बहनों के गले में चोट के निशान भी मिले हैं। ऐसे में गला दबाकर हत्या किए जाने का अंदेशा है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में गहनता से जांच पड़ताल कर भठ्ठे पर काम कर रहे लोगों से पूछताछ कर रही है।