मऊ। माफिया मुख्तार अंसारी के गुर्गे अनुज कनौजिया के खिलाफ योगी सरकार ने कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को अनुज के मऊ स्थित घर पर आजमगढ़ पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया। अनुज मुख्तार का खास शूटर बताया जाता है। इसके नाम पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा है।
2014 में हत्या के मामले में नामजद हुआ था
अनुज का नाम 2014 में आजमगढ़ के तरवां इलाके में हुए एक मजदूर की हत्या के मामले में सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने अनुज के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की थी। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर तरवां पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। 2020 में उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई। अनुज कनौजिया की गिरफ्तारी नहीं होने के बाद आजमगढ़ की तरवा पुलिस ने पिछले दिनों गैंगस्टर कोर्ट से उसके घर की कुर्की के लिए अनुमति मांगी थी। जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी थी।
नोटिस चस्पा करने गई पुलिस से महिलाओं की नोकझोक
कुर्की का नोटिस चस्पा करने गई पुलिस और अनुज के घर की महिलाओं की नोकझोंक भी हुई। हालांकि, पुलिस कुर्की की प्रक्रिया पूरी करने के बाद वापस आजमगढ़ के लिए रवाना हो गई। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों के भीतर अनुज कनौजिया की अगर गिरफ्तारी नहीं होती है या फिर वह कोर्ट में सरेंडर नहीं करता है तो उसके घर की कुर्की की जाएगी।