मेरठ। जिले के किठौर इलाके में दो बच्चों की हत्या का मामला सामने आया है। दोनों शनिवार की शाम से ही लापता था। सुबह खून से लथपथ शव जंगल में मिले। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को देखकर लगता है कि पहले दोनों बच्चों को बुरी तरह से पीटा गया है और इसके बाद चाकू और नुकीले हथियार से हमला करके मार डाला गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सबूत जुटाने के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई है।
13 और 14 साल के थे बच्चे
मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर निवासी सादिक (14) पुत्र जाने आलम और अमन ( 13) पुत्र महराज शनिवार शाम 5:30 बजे घर से निकले थे। उसके बाद दोनों किशोर अपने घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा।
आज रविवार सुबह दोनों किशोरों के शव किठौर थाना क्षेत्र के फतेहपुर नारायण गांव के जंगल में ईख के बाग के पास मिले। दोनों के शव मिलने के बाद सनसनी मच गई। घटना के बाद सीओ किठौर बृजेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी देहात केशव कुमार भी मौके पर पहुंचे।
निर्मम तरीके से की गई दोनों की हत्या
सादिक व अमन की हत्या निर्मम तरीके से की गई है। सादिक के शरीर पर नुकीली वस्तु के निशान मिले हैं। जबकि अमन के शरीर पर चाकू के भी निशान मिले हैं। दोनों की हत्या के बाद परिवार के लोगों का रोरोकर बुरा हाल था। सादिक का पिता मजदूरी करता है, जबकि अमन का पिता गैस एजेंसी पर काम करता है। अमन का एक दूसरा भाई है, जो बीमार रहता है। तनाव को देखते हुए शाहजहांपुर में भी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
दोनों को घेरकर मारा गया
सादिक व अमन का शव आम के बाग के पास पड़े मिले। दोनों के शव के बीच में करीब 25 मीटर का फासला रहा। हत्यारों ने दोनों को पहले पीटा भी है, उसके बाद मौत के घाट उतारा। दोनों ने बचाव के लिए हाथापाई भी की होगी, क्योंकि मिटटी में भी निशान मिले हैं। अमन का शव सादिक के शव से कुछ दूरी पर मिला है। ऐसे में पुलिस मान रही है की अमन भाग निकला, जिसके घेरकर 25 मीटर दूर मारा गया। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। ऐसे में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।