उत्तर प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़ वाराणसी

वाराणसी में छत्तीसगढ़ के मंत्री राजेश बोले- सपा और बसपा हमेशा BJP की बी टीम बन कर रहीं

वाराणसी।  छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी राजेश तिवारी ने सपा और बसपा पर वाराणसी में तंज कसा। दरअसल, शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की वर्चुअल बैठक में सपा और बसपा शामिल नहीं हुई थी। इसे लेकर राजेश तिवारी ने कहा कि सपा हो या बसपा हो, यह हमेशा भारतीय जनता पार्टी (BJP) की B टीम बन कर खड़ी रही हैं। इसी वजह से BJP मजबूत हुई है। BJP ने इनके साथ मिल कर सरकार भी बनाई है। कांग्रेस पार्टी मौजूदा समय में केंद्र में विपक्ष में है। ऐसे में हमारा राजधर्म है कि हम सभी के साथ बैठ कर राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार करें। विपक्ष के धर्म का पालन कांग्रेस हमेशा करती आई है और करती रहेगी।

BJP के नेता ही लोगों को प्रताड़ित कर रहे

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में समस्याएं ही नहीं गिनाएंगे, समाधान भी बताएंगे। उत्तर प्रदेश में नौजवानों की बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। उत्तर प्रदेश के नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। किसानों की कई तरह की समस्याएं हैं। छुट्‌टा पशु बड़े पैमाने पर किसानों की फसलों को नष्ट कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में अपराध में कमी नहीं आ रही है, बल्कि यह तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। बहन-बेटियां उत्तर प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि BJP के नेता लोग ही लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस आमजन के बीच है और उनकी लड़ाई लड़ रही है।

प्रदेश में 403 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी

राजेश तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपने दम पर 403 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस जिस तरह से जमीनी स्तर पर काम कर रही है, उसके आधार पर हम बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में अगली सरकार बनाएंगे। राजेश तिवारी ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक के लोगों के बीच जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में जनता ने सपा, बसपा और भाजपा सबका शासन देख लिया है। जनता इस बार बदलाव के मूड में हैं और वह चाह रही है कि प्रदेश की बागडोर अब कांग्रेस के हाथ में हो। जनता जिस तरह से कांग्रेस का समर्थन कर रही है, उसके आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में निश्चित तौर पर बड़ा बदलाव होगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *