उत्तर प्रदेश क्राइम प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़

ससुराल से नहीं मिली बुलेट तो पत्नी को 6 दिन बंदूक की बट और बेल्ट से पीटा

कौशांबी। जिले में एक पति की क्रूरता सामने आई है। ससुराल से बुलेट न मिलने पर पति ने पत्नी को बंदूक की बट और बेल्ट से बुरी तरह पीटा। पत्नी को बंधक बनाकर हैवान पति 6 दिनों तक उस पर बर्बरता करता रहा। पत्नी को जान बचाकर भागने का मौका मिला तो वह सीधे पुलिस थाने पहुंची। पुलिस को अपने शरीर पर जख्मों के निशान दिखाकर इंसाफ की गुहार लगाई। पत्नी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लॉकडाउन में चली गई थी पति की नौकरी

ये घटना जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र के डहिया गांव की है। उस्मानपुर तलरी गांव निवासी राम दास ने अपनी बेटी रीना देवी की शादी डहिया गांव के स्वर्गीय अमृत लाल के बेटे राज कुमार से की थी। दोनों की शादी चार साल पहले हुई थी। शादी के बाद रीना और राजकुमार का 2 साल का बेटा ऋतिक भी है। राज कुमार मुंबई में रह कर प्राइवेट नौकरी करता था। लॉकडाउन के दौरान वह घर आ गया। राजकुमार ने रीना पर पिछले कुछ महीनों से अपने मायके से बुलेट खरीदकर देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रीना ने पिता की प्राइवेट नौकरी का हवाला देकर उसको समझाने की कोशिश की। लेकिन, राजकुमार का बर्ताव रीना के प्रति बदल गया।

सिर पर सवार था बुलेट का भूत

बर्ताव बदलने के बाद राजकुमार बात-बात में रीना पर हाथ उठाने लगा। पति का रवैया देख रीता ने हिम्मत कर अपने पिता और भाई को अपना दर्द बताया। इसके बाद पिता ने दामाद को समझाने की बहुत कोशिश की। उसके दिमाग में बुलेट का ऐसा भूत सवार था कि उसको कुछ समझ नहीं आ रहा था। पत्नी ने बताया कि 6 जुलाई की रात ससुराल में वह सभी को खाना खिलाकर बर्तन साफ कर ही रही थी। इसी दौरान पति राजकुमार ने बिना किसी बात के झगड़ा शुरू कर दिया। बुरा भला कहने लगा। जब इसका विरोध किया तो बंदूक की बट और बेल्ट से जानवरों की तरह पीटना शुरू कर दिया। वह तब तक पीटता रहा जब तक पत्नी अधमरी नहीं हो गई। इसके बाद यही सिलसिला रोज जारी रहा। बुरी तरह पीटने के बाद पत्नी दर्द से कराह उठी, लेकिन जालिम पति को तरस तक नहीं आता।

पत्नी ने पुलिस को दी पति के खिलाफ तहरीर

छह दिनों तक बंधक बनाकर पिटने के बाद आखिरकार पत्नी को भागने का मौका मिल गया। छठे दिन रविवार को पत्नी अपने पति के चंगुल से आजाद हो गई। दर्द से कराहती पत्नी सबसे पहले पुलिस थाने पहुंची। पत्नी की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर सराय अकिल बीपी त्रिपाठी ने बताया कि, महिला रीना देवी ने अपने पति व ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है। महिला के शरीर पर चोट के निशान के आधार पर उसका मेडिकल कराया जा रहा है। महिला ने जेठ प्रवीण कुमार व जेठानी सविता पर भी जुल्म में साथ देने का आरोप लगाया। पति व ससुराल पक्ष को थाने बुलाया गया है। पीड़िता की तहरीर पर पति सहित अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *