उत्तर प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़

वृंदावन के संवासिनी गृह में कोरोना का कहर, 102 महिलाएं संक्रमित, दो की मौत

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए जिला प्रशासन हर कदम उठा रहा है। लेकिन कुछ ऐसी जगह हैं, जहां संक्रमण रुकने का नाम नहीं ले रहा। वृंदावन में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे महिला आश्रय सदन में महिलाएं संक्रमित हो रही हैं। यहां कोरोना की दूसरी लहर में 102 से ज्यादा महिलाएं संक्रमित हो चुकी हैं।

वृंदावन में 6 आश्रय सदन

वृंदावन में केंद्र और राज्य सरकार 6 महिला आश्रय सदन संचालित हैं। इन आश्रय सदनों में देश के अलग अलग हिस्सों से अपनों की ठुकराई या किसी कारण निराश्रित हो चुकी बेसहारा और विधवा महिलाएं रहती हैं। वृंदावन के चैतन्य बिहार इलाके में 3, भूत गली में 2 और एक छटीकरा के समीप यह आश्रय सदन बने हुए हैं।

किस आश्रय सदन में इतनी महिलाएं पॉजिटिव

चैतन्य बिहार स्थित फेस 1 के आश्रय सदन में 89 महिलाएं रहती हैं। जिनमें से अब तक 24 महिला पॉजिटिव आ चुकी हैं। इसी तरह फेस 2 में 88 में से 25, फेस 3 सीताराम सदन 20 में से 3, भूत गली स्थित रास बिहारी लीला कुंज में 63 में से 35, लीला कुंज में 58 में से 15 महिलाएं अभी तक संक्रमित हो चुकी हैं। इन आश्रय सदनों में संक्रमित हुई 2 महिलाओं की अभी तक मौत हो चुकी है।

संक्रमण फैलने का कारण क्या है?

महिला आश्रय सदन के केयर टेकर संतोष मिश्रा बताते हैं कि इन महिलाओं के संक्रमण की वजह है, इनका बाहर निकलना। ये महिलाएं केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाली राशि को बैंक से निकालने जाती हैं। हो सकता हैं इसी बजह से संक्रमित हो रही हों। केयर टेकर ने कहा कि वह अपने स्तर से और नगर निगम से लगातार आश्रय सदनों को सैनिटाइज करा रहे हैं। जो महिलाएं संक्रमित हो जाती हैं उनको अस्पताल भेज दिया जाता हैं जिससे किसी दूसरी महिलाएं संक्रमित न हों।

मथुरा में 2 हजार से ज्यादा एक्टिव केस

मथुरा में अब तक 19714 कोरोना के केस मिल चुके हैं। वर्तमान में यहां 2149 एक्टिव केस हैं। 17,306 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। जबकि 259 की मौत हो चुकी है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *