लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बालागंज में बुधवार देर रात लाल मस्जिद के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी है। लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। रुपए के लेनदेन में वारदात को अंजाम दिए जाने की संभावना जताई गई है।
बाइक से घर जा रहा था पीड़ित
सआदतगंज थाना के अंबरगंज निवासी प्रॉपर्टी डीलर अमरीश सिंह चौहान (33 साल) बुधवार रात बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में बालागंज में लाल मस्जिद के पास बाइक सवार दो युवकों ने पहले अमरीश की बाइक में टक्कर मारी। इससे अमरीश संतुलन खो बैठे और गिर गए। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली सिर में लगी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
एक आरोपी का नाम आया सामने
आसपास के लोगों की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल अमरीश को तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया। एसीपी चौक आईपी सिंह ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलिंग को लेकर रुपए के लेनदेन के विवाद की जानकारी सामने आई है। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के जनरलगंज निवासी अमिताभ शुक्ला का नाम सामने आया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।