उत्तर प्रदेश क्राइम देश

लखनऊ में हत्या के बाद आत्महत्या

लखनऊ। लखनऊ में कैंट इलाके के बनिया चौराहे पर NCC मेस के पास सोमवार की रात एक कार खड़ी मिली। जिसमें एक महिला और पुरुष का शव कार की अगली सीट पर पड़ा मिला। महिला के सीने में तो पुरुष के सिर में गोली लगी थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। आशंका है कि पुरुष ने प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए है। कई अधिकारी छानबीन कर रहे हैं।

रेस्टोरेंट व्यवसायी है मृतक

ADCP पूर्वी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि कैंट के रामदास का हाता निवासी संजय निगम किंग किचन के नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं। वह परिवार के साथ गोमतीनगर इलाके में रहते हैं। रामदास हाता का आवास उन्होंने किराए पर उठा रखा है। सोमवार रात करीब नौ बजे संजय की कार NCC मेस के पास सूनसान इलाके में मिली। कार के अंदर ड्राइवर वाली सीट पर संजय निगम (50 साल) का खून से लथपथ शव पड़ा था। वहीं पास की सीट पर एक महिला आशा अग्रवाल (45) का शव पड़ा था। आशा के सीने में गोली लगी थी। संजय के माथे के बीच में। आर्मी की पेट्रोलिंग टीम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू की।

रिटायर्ड फौजी की निकली कार

ADCP पूर्वी ने बताया कि पुलिस ने पड़ताल शुरू की है। कार के नंबर के आधार पर मालिक का नाम व पता निकाला गया। कार संतोष शर्मा के नाम से पंजीकृत थी। वह तेलीबाग के रहने वाले हैं। पुलिस संतोष के घर गई। वहां पता चला कि कुछ दिन पहले कार को उन्होंने संजय निगम के हाथ बेची थी। कार का कागज अभी ट्रांसफर नहीं किया था। पुलिस ने संतोष के परिवारीजनों को साथ लेकर संजय निगम के कैंट के रामदास हाता स्थित आवास पर गई। जहां पता चला कि वह गोमतीनगर में रहते हैं। पुलिस की टीम गोमतीनगर उनके घर की तलाश में जुटी है। युवती की शिनाख्त बिजली बिल की आधार पर आशा अग्रवाल के रूप में हुई है।

दो गोलियां हुई मिस

प्रभारी निरीक्षक कैंट नीलम राणा ने बताया कि कार में संजय निगम के पास से एक .32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर मिली। जिससे चार गोलियां चलने की पुष्टि हुई है। दो गोलियां मिस कर गई थी। वहीं एक गोली युवती और एक गोली संजय को लगी थी। पुलिस ने रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया है। उसमें चार गोलियां बरामद हुई है। जिसमें से दो गोलियां मिस बताई जा रही हैं। पुलिस रिवाल्वर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक संजय निगम का पत्नी से विवाद चल रहा है। उसका किसी महिला से संबंध था।

आर्मी ने की शराब पीने के संदेह पर छानबीन

पुलिस के मुताबिक कार संदिग्ध हालात में खड़ी मिली थी। रात करीब नौ बजे आर्मी की पेट्रोलिंग टीम उधर से निकली तो संदेह हुआ। नाइट कर्फ्यू के दौरान कार संदिग्ध हालात में खड़ी देख टीम उसके करीब गई। आर्मी पेट्रोलिंग टीम को अंदर बैठकर शराब पीने वालों की आशंका थी। लेकिन कार के अंदर जोड़े का शव देखकर होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दिया है। डबल मर्डर की सूचना पर इंस्पेक्टर नीलम राणा, ACP डॉ. अर्चना सिंह, ADCP एसएम कासिम आबिदी, DCP संजीव सुमन, JCP क्राइम नीलाब्जा चौधरी पहुंचे। सभी अधिकारियों ने पड़ताल की। जिसके बाद पुलिस ने दावा किया युवती की हत्या के बाद संजय ने खुद को गोली से उड़ाया है। मामले की जांच की जा रही है।

एक दूसरे के बारे में परिजन भी जानते थे, मिला सुसाइड नोट

फॉरेंसिक टीम को कार के अंदर दो पन्ने का सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में संजय निगम में लिखा है कि मेरी मौत की जिम्मेदार अंजू नाम की महिला है। उसने मेरी जिंदगी खराब कर दी है। वह मेरी दुकान पर कब्जा करना चाहती है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर महिला के बारे में जानकारी करने में जुट गई है।

मृतक के मोबाइल नंबर से और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद स्पष्ट हो पाएगा आखिर वह महिला कौन है? वहीं पुलिस के अनुसार संजय के साथ कार में जिस महिला का शव मिला उसकी शिनाख्त कैंट इलाके की आशा अग्रवाल के रूप में हुई है। उसके पति की मौत हो चुकी है। एक बेटा व एक बेटी है दोनों के बीच संबंध के बारे में दोनों के परिवार जानते थे। संजय निगम को एक बेटी और एक बेटा है। पुलिस ने महिला के पास से मिले बिजली के बिल से उसकी शिनाख्त की है। परिजनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *