उत्तर प्रदेश प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़ वाराणसी

सुभासपा ने दी चेतावनी— हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष से माफी मांगे मंत्री अनिल राजभर

वाराणसी। सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से रविवार को वाराणसी में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से माफी मांगने की मांग की गई है। पार्टी के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर से यदि अनिल राजभर माफी नहीं मांगेंगे तो उनके खिलाफ प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर आंदोलन कया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा से भी यह मांग की गई है कि राजभर बिरादरी के नाम पर मंत्री बनाए गए अनिल राजभर को मंत्रिमंडल से तत्काल बाहर का रास्ता दिखाया जाए।

इस वजह से नाराज हैं सुभासपा के नेता

सुभासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शशि प्रताप सिंह ने बताया कि 12 जून को मंत्री अनिल राजभर ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष की तुलना देह व्यापार करने वाली महिला से की थी। मंत्री के इस अशोभनीय बयान को राजभर समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। ओमप्रकाश राजभर वंचित समाज को उसका अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनका संघर्ष राजभर समाज और शोषित लोगों के लिए हैं। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर की लोकप्रियता दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। इसे लेकर मंत्री अनिल राजभर को यह समझ में नहीं आ रहा है कि वह ऐसा क्या करें कि जिससे वह भी राजभर समाज और वंचित लोगों के बीच लोकप्रिय हो जाए।

सुभासपा अध्यक्ष को अपशब्द कहना महाराजा सुहेलदेव का अपमान

सुभासपा के वाराणसी महानगर प्रभारी जागेश्वर राजभर ने कहा कि हमारे अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को अपशब्द कहना सीधे तौर पर राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव का अपमान करना है। मंत्री अनिल को राजभर समाज कभी माफ नही करेगा। मंत्री अनिल को राजभर समाज से बाहर किया जाएगा। साथ ही 2022 के विधानसभा चुनाव में मंत्री अनिल राजभर को उनके इस अपराध की सजा हर हाल में मिलेगी और इसके लिए सुभासपा कोई कोरकसर नहीं छोड़ेगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *