वाराणसी। आदमपुर थानान्तर्गत प्रह्लादघाट इलाके में शुक्रवार की शाम बच्चों के मामूली विवाद में दो पक्ष आमने सामने आ गये। इस घटना के बाद जमकर ईंट पत्थर चले। घटना में एक व्यक्ति के सिर में चोट लगी है। साथ ही एक ई रिक्शा और एक डिलीवरी वैन भी क्षतिग्रस्त की गयी है। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की दुकान में लूटपाट भी की है। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। मौके पर कई थानों की फोर्स लगा दी गयी है।
मौके से मिली जानकारी के अनुसार आदमपुर थानाक्षेत्र के प्रह्लादघाट मोहल्ले के चौहट्टा लाल खान इलाके में शुक्रवार शाम बच्चों के विवाद में एक पक्ष के लोगों ने अजय शर्मा नाम के एक व्यक्ति पर ईंट पत्थर से हमला बोल दिया। हमले में उसके सिर में चोटें भी आई हैं। वहीं अजय शर्मा की ई रिक्शा और डिलीवरी वैन को भी दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव करके क्षतिग्रस्त कर दिया है। अजय शर्मा के अनुसार उसकी दुकान में भी दूसरे पक्ष के लोगों ने लूटपाट की है।
हिन्दू-मुस्लिम की मिश्रित आबादी होने के कारण और विवाद में दोनों सम्प्रदायों के लोगों के शामिल होने को देखते हुए आनन-फानन में मौके पर वाराणसी के एडीसीपी काशी जोन विकास चंद्र त्रिपाठी भी फोर्स के साथ पहुंच गये। घटना के बाद आदमपुर, कोतवाली, जैतपुरा, चेतगंज और रामनगर थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंच गयी।
एडीसीपी काशी जोन विकास चंद्र त्रिपाठी के अनुसार हमला करने वालों में से कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है। पूरी घटना की पुलिस विस्तृत छानबीन कर रही है। जो लोग भी इसमें दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में शांति है और अधिक संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गयी है।