उत्तर प्रदेश प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़

हर पीड़ित महिला के घर जाकर या वीडियो कॉल कर हाल पूछेगी पुलिस

कानपुर। जिले में रहने वाली महिलाओं के लिए काम की खबर है। अब यहां घरेलू हिंसा या उत्पीड़न का शिकार महिलाओं को थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बल्कि पुलिस खुद एक निश्चित समय के अंतराल पर पीड़ित महिलाओं के घर पहुंचकर हाल-चाल पूछेगी। यह काम पुलिस तब तक करेगी जब तक पीड़ित संतुष्ट नहीं हो जाती। महिलाओं को घरेलू हिंसा से बचाने के लिए DCP साउथ रवीना त्यागी ने यह प्लान बनाया है।

राज्य मंत्री के सामने दिया प्रजेंटेशन

राज्यमंत्री स्वाति सिंह मंगलवार को दौरे पर कानपुर आई थीं। इस दौरान कमिश्नर असीम अरुण और डीसीपी साउथ रवीना त्यागी से मंत्री से भेंट की। डीसीपी साउथ ने मंत्री को महिला उत्पीड़न पर तैयार अपने नए प्लान का प्रजेंटेशन दिया। मंत्री ने प्लान को जमकर सराहा। कहा कि कानपुर ही नहीं इस प्लान के तहत पूरे प्रदेश में महिला उत्पीड़न को रोकने की कवायद की जाएगी। बस मान लीजिए कि कानपुर नगर में इसका ट्रायल किया जा रहा है। बेहतरीन रिस्पांस आने के बाद इस कार्ययोजना को पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। इस प्लान को तैयार करने में कमिश्नर असीम अरुण ने भी अहम भूमिका निभाई है, लेकिन उन्होंने कहा कि इसे तैयार करने का पूरा श्रेय आईपीएस रवीना त्यागी को जाता है।

इस तरह ये प्लान रोकेगा महिला उत्पीड़न

कमिश्नर असीम अरुण ने बताया कि महिला पीआरवी भी तैयार की जा रही है। महिला उत्पीड़न की शिकायत मिलते ही सबसे पहले तो 112 की पुलिस मौके पर जाएगी और कानूनी कार्रवाई करेगी। महिला उत्पीड़न की सभी कॉल को 112 के रजिस्टर पर अलग से दर्ज किया जाएगा। इसके बाद पहले तो हर 10 दिन में महिला के घर जाकर या वीडियो कॉल पर फीड बैक लिया जाएगा। इसके बाद 15 दिन और फिर 30 दिन में पुलिस शिकायत करने वाली महिला के घर जाएगी। जब तक महिला पूरी तरह से राहत नहीं मिल जाएगी यह क्रम चलता रहेगा।

प्रोजेक्ट की प्रमुख बातें

  • पीआरवी में तैनात महिला और पुरुषों को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • महिला अधिकारी व कर्मचारियों का एंटी डोमेस्टिक वायलेंस सेल का गठन होगा।
  • 181 व महिला आयोग से सीधे समन्वय रखेगी टीम।
  • पीड़िता की समस्या की तहरीर लिखवाने से लेकर उसके अभिलेखों को जुटाना भी पुलिस की जिम्मेदारी होगी।
  • कमिश्नर महिला अपराध की एक-एक शिकायत की मॉनीटरिंग खुद करेंगे।
    दिया जाएगा खास प्रशिक्षण
  • कानपुर पुलिस कमिश्रन असीम अरुण ने बताया कि इस योजना के तहत गुरुवार से विशेष प्रशिक्षण शुरू होगा। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को उनके दायित्वों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण होते ही महिला उत्पीड़न के खिलाफ कानपुर पुलिस युद्ध स्तर पर काम करेगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *