ग्रेटर नोएडा। शुक्रवार की देर रात एक पेपर मिल में भीषण आग लग गई। कासना थाना क्षेत्र साइट-5 स्थित ये पेपर मिल 7 घंटे से सुलग रही है। रात करीब 2 बजे फैक्ट्री में आग लगी थी। इसके बाद दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई। दमकल विभाग की करीब 18 गाड़ियां आग बुझाने पहुंची, लेकिन अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। गनीमत रही कि अग्निकांड के वक्त मिल में कोई कर्मचारी नहीं था। वहीं आग से करोड़ों रुपए का माल जलने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पेपर रोल की वजह से तेजी से फैली आग
कासना थाना क्षेत्र के औधोगिक एरिया साइट-5 स्थित आरएस पेपर बनाने की फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 2 बजे आग लग गई। करीब आधे घंटे बाद आग की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। 18 गाड़ियां आग बुझाने में जुट गई, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकाराल रूप ले लिया।
इससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। कंपनी के अंदर पेपर के बड़े-बड़े रोल बने हुए थे, जिसकी वजह से आग तेजी से फैलने लगी। वहीं फैक्ट्री में लगी टीनशेड नीचे गिर गई। ऐसे में दमकल कर्मियों को अंदर जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मी सुबह 9 बजे तक आग बुझाने में जुटे रहे।