अयोध्या-पशुपालन विभाग के घोटाले में आरोपित जेल में बंद IPS अरविंद सेन यादव की पत्नी प्रियंका सेन यादव का निधन हो गया है। वे इस बार हो रहे पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर हैरिग्टनगंज तृतीय सीट से जिला पंचायत सदस्य की उम्मीदवार थी। उनकी मौत दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से बताई जा रही है। शनिवार की रात उन्हें सीने में जकड़न की शिकायत पर जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं
जिले के कद्दावर नेता रहे मित्रसेन यादव की पुत्रवधू प्रियंका थाना इनायतनगर के भिटारी गांव की निवासी थी। वह सपा समर्थित ब्लॉक प्रमुख भी रह चुकी हैं। उनके देवर आनंद सेन यादव मायावती सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उनके ससुर स्व. मित्रसेन यादव अयोध्या के सांसद थे। प्रियंका अपने पीछे पति, दो लड़की, एक लड़का छोड़ गई हैं।
जेल में बंद पति
प्रियंका सेन यादव की शादी IPS अफसर अरविंद सेन से हुई थी। इस समय उनके पति अरविंद सेन यादव बहुचर्चित पशुपालन घोटाले में जेल में बंद हैं। उन्हें सस्पेंड भी कर दिया गया था। कोविड-19 की पुष्टि के लिए सैंपल लिया गया है।