क्राइम देश प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़

छेड़छाड़ को लेकर पुरानी रंजिश में दबंगों ने की फायरिंग, दो घायल

शाहजहांपुर। जिले में देर रात अचानक दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दी, जिसमें एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपियों की कार को घेर लिया, जिसके बाद कार में जमकर तोड़फोड़ की। आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। हालात को काबू करने के लिए दो थानों की पुलिस बल को मौके पर जाना पड़ा। पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला खिरनीबाग में रात करीब दस बजे तीन से चार लोग कार से आए और कार में ही बैठकर शराब पीने लगे। तभी मोहल्ले का एक युवक अपने दोस्त के साथ कहीं जा रहा था। इसी बीच दोनों का कार में बैठे लोगों से सामना पड़ गया। दोनों में कहासुनी होने के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते कार सवार लोगों ने दोनों युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दी। गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों को भीड़ जमा हो गई। कार सवार लोग मौका पाते ही मौके से फरार हो गए। लेकिन उनकी कार मौके पर छूट गई। स्थानीय लोगों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की।

सूचना मिलते ही मौके पर दो थानों की पुलिस बल के साथ एसपी सिटी संजय कुमार पहुंच गए। उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मौके से पुलिस को कई कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसको हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

दबंग आए दिन करते हैं छेड़छाड़
घायल युवक के भाई ने बताया कि पड़ोस के रहने वाले युवक ने उसकी बहन से फरवरी महीने में छेड़छाड़ की थी। छेड़छाड़ करने वाले युवक के कई दोस्त आए दिन क्षेत्र की रहने वाली महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। लेकिन दबंग होने के कारण लोग कुछ कहते नहीं हैं। पुलिस भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। फरवरी महीने में घायल की बहन से छेड़छाड़ के मामले में दोनों पक्षों का थाने में समझौता हो गया था। उसके बाद छेड़छाड़ करने वाला आरोपी रंजिश मानने लगा था। उसी रंजिश के चलते देर रात आरोपी पक्ष का घायल पक्ष से सामना हो गया और आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

इंस्पेक्टर अशोकपाल ने बताया कि गोली लगने से दो लोग घायल हुए हैं। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलते ही उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *