नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के मामले मंगलवार (21 सितंबर) को कम हुए हैं। बीते कुछ दिनों से देश में कोरोना वायरस के दैनिक आंकड़ें 30 हजार से अधिक थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटों में कोविड-19 के 26,115 नए केस सामने आए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 252 लोगों की मौत हुई है और 34,469 मरीज कोरोना से ठीक हो गए हैं। देश में फिलहाल कोविड-19 एक्टिव केसों की संख्या 3 लाख 09 हजार 575 है। वहीं कोरोना से देश में अब तक 4 लाख 45 हजार 385 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश में कोरोना से अब तक 3,27,49,574 लोग रिकवर हो चुके हैं। वहीं कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,35,04,534 है। कोरोना वैक्सीनेशन की बात करे तो देश में अब तक 81,85,13,827 (81.85 करोड़) वैक्सीन डोज लगाई गई है। 20 सितंबर को एक दिन में 96,46,778 (96.46 लाख) लोगों को वैक्सीन डोज लगाई है। देश में 16 जनवरी 2021 से वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई थी।
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के मौके पर देश भर में 2.5 करोड़ लोगों को वैक्सीन डोज लगाई गई थी। उसके एक दिन बाद यानी 18 सितंबर को देश में 85 लाख लोगों को वैक्सीन डोज लगी थी। देश में पिछले दो महीने में वैक्सीनेशन की रफ्तार में काफी तेजी आई है।