उन्नाव। उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के दरहेटा गांव में चुनावी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर वर्तमान प्रधान को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर लखनऊ कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने पूर्व प्रधान के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, दरहेटा गांव निवासी प्रधान अवधेश चौरसिया रविवार को अपने भतीजे अंकित चौरसिया के साथ बाइक से पुरवा गए थे। वहां से वापस लौट रहे थे उसी समय गांव के बाहर पहले से घात लगा कर बैठे दो-तीन लोगों ने उन्हें गांव के बाहर रोक लिया।
रास्ते में युवकों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
बाइक रुकते ही युवक हमलावर हो गए और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। पेट में गोली लगने से अवधेश चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन उपचार के लिए मौरावा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अवधेश चौरसिया की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने पूर्व प्रधान वेद यादव के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की तफ्तीश कर रहे हैं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।