फिरोजाबाद। जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं। शिलान्यास और उद्घाटन के लिए नेताओं में होड़ मचने लगी है। ऐसा ही एक मामला फिरोजाबाद में सामने आया है। जहां शहर विधायक ने तीन दिन में दो योजनाओं का उदघाटन करने से फिरोजाबाद के सांसद और आगरा के सांसद जोकि फिरोजाबाद के ही रहने वाले हैं नाराज हो गए हैं। नाराजगी का आलम यह है कि दोनों सांसदों ने अधिकारीयों को पत्र लिखा कर कहा है कि प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया है।
किन योजनाओं का हुआ उद्घाटन
फिरोजाबाद शहर विधायक मनीष असीजा ने बीते तीन दिन में दो योजनाओं का उद्घाटन किया है। जिसमे 45 करोड़ की लागत से बने एक ओवरब्रिज और 37.90 करोड़ की लागत वाले फिरोजाबाद-जलेसर मार्ग शामिल है। इस आयोजन में शहर के किसी भी अन्य जनप्रतिनिधि को नहीं बुलाया गया था। विधायक द्वारा पूजन करने और फीता काटकर ही इस ओवरब्रिज को जनता के लिए खोल दिया गया था।
फिरोजाबाद और आगरा सांसद ने उठाये सवाल
इन उद्घाटनों को लेकर फिरोजाबाद सांसद डॉ चंद्रसेन जादौन और आगरा सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल ने इस पर आपत्ति उठा दी है। फिरोजाबाद सांसद ने विरोध जताते हुए कहा कि शिलान्यास कार्यक्रम में प्रॉटोकोल का ध्यान नहीं रखा गया। उन्होंने राज्य सेतु निगम के अधिकारियों को पत्र भेजकर जवाब मांगा है। वहीं जब मामला डीएम चन्द्रविजय के संज्ञान में आया तो उन्होंने भी विभागीय अधिकारियों से जवाब मांगा है। उधर आगरा सांसद ने भी पत्र लिखा है।
क्या बोले आगरा सांसद
बातचीत में प्रो एसपी बघेल ने बताया कि फिरोजाबाद-जलेसर मार्ग के लिए उन्होंने केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी से 6 दिसंबर वर्ष 2016 में इसकी स्वीकृति ली थी। विधायक ने 37.90 करोड़ की लागत वाले 19.90 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण का शुभारंभ करके श्रेय लूटने का काम किया है। गौरतलब है कि प्रो एसपी बघेल फिरोजाबाद के टूंडला विधानसभा से 2017 में चुनाव जीते थे। योगी सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी थे। जबकि 2019 में उन्हें आगरा से लोकसभा का टिकट मिला था। जिसके बाद वह आगरा सांसद बने थे।