मथुरा। जिले के कोसी कस्बे में रविवार की शाम बाइक पर जा रहे युवक की मांझे से गर्दन कट गई। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पेट्रोल भरवाने जा रहा था युवक
कोसी कस्बा के दिल्ली गेट निवासी असलम का 20 साल का बेटा आबिद रविवार की शाम पेट्रोल भरवाने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहा था। आबिद जैसे ही बठैन गेट स्थित फ्लाई ओवर के समीप पहुंचा कि तभी मांझा उसकी गर्दन में अटक गया। जब तक आबिद कुछ समझ पाता तब तक उसकी गर्दन कट गई। चायनीज मांझे की चपेट में आने से आबिद की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार में मचा कोहराम
आबिद की चायनीज मांझे से हुई मौत की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने जब आबिद के शव को देखा तो वह फूट-फूट कर रोने लगे। चायनीज मांझे ने एक परिवार का हंसता खेलता चिराग बुझा दिया।
कोरोना के कारण लोग ले रहे पतंगबाजी का सहारा
कोरोना की चैन ब्रेक करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन लगा रखा है। इस दौरान लोग घरों में रह रहे है। इस दौरान कुछ लोग मनोरंजन के लिए पतंगबाजी का सहारा ले रहे हैं। इस दौरान वह चायनीज मांझे का प्रयोग भी करते हैं। चायनीज मांझा में प्लास्टिक का प्रयोग होता है। यह धड़ल्ले से बाजारों में बिक रहा है।