झांसी। जिले में शनिवार की रात बाइक सवार ने एक युवक को गोली मार दी। युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। एसएसपी शिवहरि मीणा, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
मामला जिले के थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत खुशीपुरा का है। यहां के निवासी लखन चंदेल शनिवार को देर रात अपने घर के पास ही था, तभी वहां पहुंचे बाइक सवार युवकों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से लखन के घायल होने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को उठाकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां हालात गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों का लखन से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। उसी रंजिश के कारण घटना को अंजाम दिया गया है। हमले का आरोप बबला उर्फ अविनाश और सतीश पर लगाया गया है।
पीठ पर लगी गोली, आरोपी की तलाश
सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह के अनुसार गोली पीठ में लगी है, घायल की स्थिति ज्यादा गम्भीर नहीं है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है, पुलिस टीम जांच में जुटी हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।