उत्तर प्रदेश क्राइम लेटेस्ट न्यूज़

BJP विधायक के घर बमबाजी, दो हमलावर पकड़े गए

कानपुर। कानपुर में गोविंद नगर से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी के घर के सामने सोमवार रात बम और तमंचे के साथ दो युवक पकड़े गए। विधायक का आरोप है कि दोनों युवक उनके ऊपर जानलेवा हमला करने आए थे। बदमाशों ने एक बम भी फेंका जो नहीं फूटा। विधायक ने इस घटनाक्रम को बड़ी साजिश करार दिया है। आरोप लगाया कि उनकी हत्या करने के लिए बदमाश भेजे गए थे। पुलिस दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी अभी फरार है। इसके साथ ही विधायक के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

विधायक के पैरों के पास गिरा बम

नवीन नगर, काकादेव में भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी का घर है। विधायक ने बताया कि रात को लगभग 8:45 बजे वह टहलकर घर के अंदर जा रहे थे। तभी दो युवक मुख्य गेट से घर में घुसना चाहते थे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें टोका तो वे भागने लगे। इसी बीच एक ने घर के भीतर बम फेंक दिया। उनके पैरों के पास एक बम गिरा। सुरक्षा में मौजूद पुलिस कर्मियों ने पब्लिक की मदद से दोनों संदिग्ध युवकों को दौड़ाकर दबोच लिया। युवकों के पास तमंचा और बम बरामद हुए।

इसके बाद दोनों को काकादेव पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। विधायक ने जानलेवा हमले की आशंका जताते हुए पुलिस कमिश्नर असीम अरुण से अपनी शिकायत दर्ज कराई है।

रंजिश में जा रहे थे हमला करने

एडिश्नल सीपी कानून व्यवस्था आकाश कुलहरि ने बताया कि पकड़े गए युवक ने अपना नाम छोटू बताया है। जो काकादेव क्षेत्र का ही है। उसकी किसी से रावतपुर में रंजिश चलती है। उसी को सबक सिखाने के लिए यह लोग निकले थे। मगर नीर क्षीर चौराहे पर पुलिस को देखकर भागे। पीछा करने पर बम फेंका जो विधायक के घर के पास गिरा। मुख्य आरोपित फरार है। उसके पकड़े जाने के बाद असली कहानी सामने आएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *