उत्तर प्रदेश प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़ वाराणसी

सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान लोगों ने अस्सी चौराहे को किया जाम

वाराणसी। जिले के अस्सी क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान लोग गुरुवार की सुबह अस्सी चौराहे पर चक्काजाम कर नगर निगम और जलकल के विरोध में जमकर नारेबाजी किए। लोगों ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए जब तक नगर निगम और जलकल विभाग की ओर से काम नहीं शुरू कराया जाएगा तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। जाम के कारण लंका से शिवाला और अस्सी से दुर्गाकुंड व अस्सी घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर आवागमन ठप है।

2 महीने से परेशान हैं हम लोग, सभी से की शिकायत

सामाजिक कार्यकर्ता रामयश मिश्रा ने कहा कि अस्सी चौराहा से दुर्गाकुंड जाने वाले पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या को हम लोग 2 महीने से झेल रहे हैं। पार्षद, विधायक, नगर निगम और जलकल विभाग में शिकायत के बाद भी समस्या की सुनवाई नहीं हो रही है। वाराणसी को बाहर स्मार्ट सिटी बताया जाता है और यहां रहने वाले लोग सीवर के गंदे बदबूदार पानी के बीच रहने को मजबूर हैं। हम किससे अपनी समस्या कहें और कौन समाधान कराएगा। आजिज आकर आज अपनी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के लिए यह माध्यम चुनना पड़ा है।

जब तक काम नहीं तब तक जारी रहेगा जाम

अस्सी के गोपाल सिंह, अनिल कु्शवाहा, मित्तल साहनी, विष्णु गुप्ता, विशाल गुप्ता सहित क्षेत्र के तमाम अन्य लोगों ने कहा कि जब तक समस्या के समाधान के लिए काम नहीं शुरू होगा तब तक जाम नहीं खत्म होगा। प्रशासन चाहे मुकदमा दर्ज कराए या कोई और कार्रवाई करे, मगर हमें समस्या का समाधान चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में रोजाना बड़े नेता, मंत्री और अफसरों का दौरा करते हैं। इसके बाद भी हम लोग सीवर के बदबूदार गंदे पानी के बीच रह रहे हैं। उधर, जाम की सूचना पाकर भेलूपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों की वाजिब समस्या देख कर पुलिस भी नगर निगम और जलकल विभाग के अफसरों से बात कर समस्या के समाधान के प्रयास में लगी हुई है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *