•उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 75 महिलाएं होंगी सम्मानित
• कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं को उपहार मेंमिलेगा राखी व मास्क का ‘रक्षा कवच’
वाराणसी। ‘मिशन शक्ति’ का तीसरा चरण 21 अगस्त से शुरू हो रहा है। प्रदेश के अन्य जनपदों की तरह 21 अगस्त को वाराणसी में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाली 75 महिलाओं को इसमें सम्मान्ति किया जाएगा। रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होने वाली सभी महिलाओं को राखी व मास्क का “रक्षा कवच” उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
मिशन शक्ति फेज-1 व फेज-2 में मिली सफलता के बाद प्रदेश सरकार ने 21 अगस्त से 31 दिसम्बर तक मिशन शक्ति फेज-3 चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश के सभी जनपदों में महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता प्रदान करने से सम्बन्धित कार्ययोजनाएं संचालित की जानी है। इसके लिए महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, चिकित्सा-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग समेत 10 विभागों को अभियान चलाने के लिए कहा गया है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि वाराणसी में मिशन शक्ति के तीसरे चरण की शुरूआत के लिए 21 अगस्त को आयुक्त सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें मिशन शक्ति फेज-1 व फेज-2 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाकर्मियों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमी व ग्रामीण उत्थान के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी महिलाओं में जनपद स्तर पर 75 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही इस कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराने वाली सभी महिलाओं-बालिकाओं को राखी व मास्क का ‘सुरक्षा कवच’ उपहार के रूप में प्रदान किया जाएगा।