मोगा। भट्ठे पर काम करने वाले एक मजदूर परिवार की 18 साल की युवती के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। आरोपी ठेकेदार के बेटे और उसके एक साथी पर है। वारदात के बाद दोनों आरोपी परिवार समेत फरार हैं, वहीं शिकायत के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पता चला है कि वो उत्तर प्रदेश अपने गांव चले गए हैं। पीड़ित लड़की का सरकारी अस्पताल में मेडिकल चेकअप करवाया है।
पुलिस को दिए बयान में लड़की ने कहा है कि 24 मई की शाम को करीब 7 बजे वह खाना वगैरह बनाने के लिए बाकी परिवार से थोड़ा पहले घर आ गई। जैसे ही घर में पहुंची, ठेकेदार सुरेंद्र सिंह का बेटा शुभम अपने दोस्त छोटू के साथ आ धमका। उसे अकेली पाकर दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ गलत किया। शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट करके दोनों भाग गए। घर वालों के आते ही उसने अपने साथ हुई वारदात की जानकारी दी तो उसे सरकारी अस्पताल में ले जाकर दाखिल करवाया गया। साथ ही मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने लड़की के बयान पर शुभम और छोटू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि शुभम् उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव इस्माइलपुर का रहने वाला है। पुलिस की कार्रवाई की भनक पाकर शुभम अपने परिवार और दोस्त छोटू के साथ गांव भाग गया। मामले की जांच कर रही थाना धर्मकोट की ASI परमजीत कौर का कहना है कि जलद ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।