उत्तर प्रदेश क्राइम पूर्वांचल प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़

ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद पुलिस ने गैंग के 4 सदस्यों को दबोचा, 5 घायल

चंदौली। जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां बीती रात 3 अलग-अलग इलाकों में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। मुठभेड़ में पुलिस ने कई जिलों में बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्रों पर लूट करने वाले एक गैंग के 4 बदमाशों को दबोच लिया। इस बीच एक पुलिस कर्मी सहित 5 लोग घायल हो गए।

जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पकड़े गए बदमाशों में दो 25 हजार और एक 20 हजार के इनामी हैं। गैंग पर 3 दर्जन केस दर्ज हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से 3 पिस्टल, 1 तमंचा, 2 बाइक सहित 2 लाख रुपए कैश बरामद किए हैं। वहीं, एक दिन पहले जिले के शिवगढ़ इलाके मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इसी गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। ये मुठभेड़ रात 12:30 से 3:30 बजे तक चली।

पहली मुठभेड़ : पुलिस को देखते ही कर दी फायरिंग

एसपी अमित कुमार के निर्देश पर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस को कामयाबी भी मिली। सदर कोतवाली पुलिस दिघवट गांव के समीप चेकिंग कर रही थी। इस बीच रात 12:30 बजे दो बाइक से चार बदमाश आते दिखे। पुलिस को देखकर एक बाइक पर सवार दो बदमाश मौके से भाग निकले। पुलिस ने दूसरी बाइक का पीछा किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जबकि, उसके साथी फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने घायल को गिरफ्तार कर लिया। बाइक के अलावा उसके पास से एक पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने फरार होने वाले बदमाशों की तलाश शुरू की। सभी थाने को अलर्ट किया गया।

दूसरी मुठभेड़ : बाल-बाल बचे सकलडीहा कोतवाल

 

कई थानों की पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसी बीच सकलडीहा कोतवाली के पीथापुर गांव में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान दूसरी बार गैंग के सदस्यों से पुलिस का सामना हो गया। पुलिस से बचने के लिए बदमाशों ने फिर से फायरिंग शुरू कर दी। लेकिन, पुलिस ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी। जिस कारण सकलडीहा कोतवाल बाल-बाल बच गए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर पर लगी, जिससे वो घायल होकर जमीन पर गिर गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पास से पुलिस ने एक पिस्टल के साथ दो लाख रुपए बरामद किए।

तीसरी मुठभेड़ : सिपाही के हाथ में लगी गोली


पुलिस बलुआ पुलिस मथेला नहर पुलिया चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उनको रोकने का इशारा किया तो वो भागने लगे। पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। साथ ही बदमाशों का पीछा किया। इस बीच धानापुर पुलिस ने शहीद गांव के पास चेकिंग शुरू कर दी। थोड़ी देर में बलुआ पुलिस भी वहां पहुंच गई। चेकिंग में अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस के जाल में खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में धानापुर थाने पर तैनात सिपाही रूपेश दुबे के दाहिनी हाथ में गोली लगने से वो घायल हो गए। इसके बाद धानापुर और बलुआ पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल एक तमंचा और कुछ कारतूस खोखा बरामद किया है।

पूरी रात जागकर एसपी ने संभाली कमान

एसपी ने पूरी रात जागकर मुठभेड़ की कमान संभाली। एसपी अमित कुमार ने बताया कि, जिले में एक अंतरप्रांतीय लूटेरा गैंग सक्रिय था। गैंग के सदस्य कई जिलों में बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र में लूट की घटना को अंजाम दे चुके थे। कई दिनों से पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। पुलिस को मिली सूचना पर जिले के अलग-अलग इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस बीच सदर कोतवाली के निकट दिघवट, सकलडीहा कोतवाली के पीथापुर और धानापुर थाना के शहीद गांव के पास पुलिस की गैंग के सदस्यों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। गोली लगने से घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें कृष्णा पर 25 हजार, अरुण पर 25 हजार और अंकुर पर 20 हजार का इनाम घोषित था। यह गैंग चंदौली सहित पूर्वांचल के कई जिलों में सक्रिय था।

ग्राहक सेवा केंद्र को लूटकर करते थे शौक पूरे

कुछ महीनों से जिले के सकलडीहा सर्किल क्षेत्र में एक गैंग सक्रिय था। गैंग के सदस्य बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र को निशाना बनाकर अपने महंगे शौक पूरे करते थे। सभी बदमाश वाराणसी में रहते थे। अपने शौक पूरे करने के लिए वो वाराणसी से निकलकर दूसरे जिलों में लूट करते थे। गैंग के सदस्यों ने एक के बाद एक कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। लूट के साथ इलाके में दहशत फैलाने के लिए बदमाश फायरिंग भी करते थे। गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए एसपी अमित कुमार ने कई टीमें बनाई थीं। यह टीमें कई दिनों से बदमाशों की तलाश कर रही थी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *