देश लेटेस्ट न्यूज़

दिल्ली और उत्तराखंड के बीच इंटरस्टेट बस सेवा आज से शुरू

गाजियाबाद। बस से सफर करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। गुरुवार यानी आज से दिल्ली व उत्तराखंड की बसों का संचालन शुरू हो गया है। योगी सरकार ने इंटरस्टेट बसों के संचालन की अनुमति दी है। कोरोना की दूसरी लहर में शासन ने बीते सात मई से इंटरस्टेट बसों के संचालन पर रोक लगा दिया था। दो महीने बाद शासन ने परिवहन निगम के अनुरोध पर दो राज्यों दिल्ली और उत्तराखंड के बीच इंटरस्टेट बसें चलाने की अनुमति दी हैं। हालांकि बिहार‚ पंजाब‚ हरियाणा‚ राजस्थान के बीच यूपी रोडवेज बसों के संचालन पर रोक जारी रहेगी।

इससे दिल्ली में रहने वाले यूपी और उत्तराखंड के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब यात्रियों को रोडवेस बस की सवारी के लिए गाजियाबाद के कौशांबी डिपो नहीं आना पड़ेगा। बल्कि उन्हें दिल्ली के आनंद विहार, कश्मीरी गेट और सराय काले खां से यूपी रोडवेज की बसें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 7 शहरों के लिए मिल जाएंगी।

दरअसल, कोरोना की दूसरी लहर में इंटर स्टेट बस सेवा पर रोक लगने से दिल्ली से चलने वाली बसें गाजियाबाद के कौशांबी डिपो से संचालित हो रही थीं। ये बसें राज्यों के बॉर्डर तक जाती थीं। इससे डिपो पर बोझ भी बढ़ गया थी। यात्री भी परेशान हो रहे थे। लेकिन अब दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड की बसें अब एक-दूसरे के राज्य में बस स्टॉप तक जाएंगी। इससे 15-17 हजार यात्रियों की मुसीबत कम हुई हैं, जो रोजाना कई-कई बस बदलकर जाते थे।

इन राज्यों के लिए यात्रियों को अभी करना होगा इंतजार

बिहार‚ पंजाब‚ हरियाणा‚ राजस्थान के बीच यूपी रोडवेज बसों के संचालन पर रोक जारी रहेगी। लखनऊ में आलमबाग बस टर्मिनल और कैसरबाग बस स्टेशन पर बुधवार को दिल्ली व उत्तराखंड की बस से शुरू करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग के लिए आनंद विहार‚ देहरादून‚ हरिद्वार आदि की फीडिंग कर दी गई है। गुरुवार को लख़नऊ से कौशांबी जाने वाली बसें अब आनंद विहार तक जाएंगी। इसी क्रम में कैसरबाग बस स्टेशन से देहरादून वह हरिद्वार के लिए बसें चलाई जाएंगी।

तीन मई से कौशांबी डिपो से चल रहा था संचालन

दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार और कश्मीरी गेट बस स्टैंड से रोडवेज की 1,152 बसें यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और अन्य राज्यों के लिए संचालित होती हैं। आनंद विहार और कश्मीरी गेट से करीब 150 बसें उत्तराखंड के विभिन्न शहरों के लिए चलती हैं। अप्रैल माह में जब उत्तर प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर ने तेजी से पांच पसारे तो 3 मई को यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराज्यीय बस सेवा संचालन पर ब्रेक लगा दिया था। इसके बाद दिल्ली से संचालित होने वाली बसें गाजियाबाद के कौशांबी डिपो से चल रही थीं। ऐसे में दिल्ली, NCR के हजारों यात्रियों का अतिरिक्त बोझ कौशांबी डिपो पर आ गया था।

जानिए कितना बढ़ा था बोझ, कितने यात्री मुश्किल में थे

करीब 700 बसें कौशांबी डिपो से अतिरिक्त चल रही थी
15 से 17 हजार यात्री कौशांबी डिपो से सफर कर रहे थे।
अब उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हल्द्वानी, काठगोदाम, हरिद्वार समेत अन्य शहरों तक बसें जाएंगी।

एआरएम बोले- पहले की तरह संचालित होंगी बसें

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में गाजियाबाद डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि अंतरराज्यीय बस सेवाएं गुरुवार सुबह से बहाल कर दी गई हैं। दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार, कश्मीरी गेट से जो बसें चलती हैं, वह पहले की तरह चलेंगी। इससे कौशाम्बी डिपो का दबाव कम हो जाएगा। ARM ने बताया कि पूर्व में उन्होंने MD को पत्र लिखकर इसकी अनुमति भी मांगी थी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *