देश लेटेस्ट न्यूज़

टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम फाइनल में जाने से चूकी

टोक्यो। टोक्यो ओलिंपिक में पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल में हार गई है। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन टीम बेल्जियम ने भारत को 5-2 से हराया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थी। भारत इस मैच में एक समय 2-1 से आगे था। इसके बाद बेल्जियम में चार गोल और कर दिए। चौथे क्वार्टर में बेल्जियम की टीम की ओर से तीन गोल हुए। भारतीय हॉकी टीम के लिए ओलिंपिक में बेल्जियम का सामना करना हाल के सालों में काफी मुश्किल भरा रहा है। बेल्जियम ने 2012 लंदन ओलिंपिक में भारत को 3-0 से और 2016 रियो ओलिंपिक में 3-1 से हराया था। लंदन में दोनों टीमें पूल स्टेज में भिड़ी थीं। वहीं रियो में दोनों का सामना क्वार्टर फाइनल में हुआ था।

अब ब्रॉन्ज मेडल के लिए भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के बीच होने वाले सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से होगा। अगर भारतीय टीम वह मुकाबला जीत लेती है तो 41 साल बाद पुरुष हॉकी टीम को ओलिंपिक मेडल मिलेगा।

बेल्जियम टीम ने 1 मिनट 4 सेकंड में ही पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल दागा था। मैच के दूसरे मिनट में ही बेल्जियम के लॉयक लुइपर्ट ने गोल करने में कोई गलती नहीं की।
पहला गोल खाने के बाद भारत ने जबरदस्त वापसी की। 7वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। हरमनप्रीत ने ड्रैग फ्लिक लिया और भारत के लिए गोल दागा।

इसके बाद मंदीप सिंह ने 8वें मिनट में शानदार बैकहैंड शॉट से फील्ड गोल किया। पहला क्वार्टर खत्म होने के बाद भारतीय टीम ने बेल्जियम पर 2-1 की लीड बनाई हुई थी।
दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में बेल्जियम को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। वर्ल्ड के बेस्ट ड्रैग फ्लिकर्स में से एक एलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने इस मौके को भुनाया और शानदार गोल दाग स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

चौथे क्वार्टर में बेल्जियम ने एक के बाद एक कई पेनल्टी कॉर्नर लिए। 49वें, 53वें और 60वें मिनट में बेल्जियम ने 3 गोल दाग मैच जीत लिया। एलेक्जेंडर ने मैच में 3 गोल दागे।

पिछली 5 में से 4 भिड़ंत टीम इंडिया के नाम

टोक्यो ओलिंपिक के सेमीफाइनल से पहले बेल्जियम के खिलाफ भारत ने पिछले 5 मुकाबलों में से 4 में जीत हासिल की थी। 2019 में बेल्जियम के दौरे पर भारत ने मेजबान टीम को 3 में से 3 मैचों में हराया था। उस दौरे पर भारत ने 2-0, 3-1 और 5-1 से जीत हासिल की थी। लेकिन, ओलिंपिक में बेल्जियम एक बार फिर भारी पड़ा।

बेल्जियम ने किए हैं सबसे ज्यादा गोल

बेल्जियम की टीम इस ओलिंपिक में अब तक सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम है। उसने सेमीफाइन सहित कुल 34 गोल किए हैं। यानी उसके तमाम खिलाड़ी इस समय बेहतरीन गोल स्कोरिंग फॉर्म में है।

बेल्जियम का डिफेंस बेहद मजबूत

बेल्जियम की टीम इस समय डिफेंस के मामले में दुनिया की सबसे मजबूत टीम मानी जाती है। इसका सबूत इस ओलिंपिक में भी देखने को मिला। बेल्जियम ने अब तक सिर्फ 10 गोल खाए हैं और इस मामले में सबसे बेहतर टीम साबित हुई है। 11 गोल खाकर ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है। भारत ने अब तक 18 गोल किए हैं और 14 गोल खाए हैं। यानी गोल करने और गोल खाने दोनों के मामले में भारत का रिकॉर्ड इस ओलिंपिक में बेल्जियम की तुलना में कमजोर रहा है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *