अलीगढ़| उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सोमवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। पास ही बीयर की केन, नमकीन बरामद हुई है। आशंका है कि शराब पिलाने के बाद उसके सीने में गोली मार दी गई। गोली शरीर को आर-पार कर गई है। युवक बैंड का संचालन करता था। वह देर रात परिवार में अनबन होने के बाद घर से कहीं चला गया था। पुलिस तफ्तीश में जुटी है। हालांकि परिवार ने किसी से रंजिश होने से इंकार किया है।
देर रात घर से निकला था युवक
इगलास कस्बे में अलीगढ़-मथुरा रोड पर स्थित चामड़ मंदिर के पास रहने वाला विश्वनाथ उर्फ BP (25 साल) रविवार देर रात परिवार में अनबन होने के बाद कहीं चला गया। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह सूचना मिली विश्वनाथ का शव सब्जी मंडी के पीछे खून से लथपथ अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव के पास से बीयर की केन, गिलास, नमकीन के खाली पाउच और एक बैग पड़ा मिला है। आशंका है कि पहले विश्वनाथ को शराब पिलाई गई। फिर उसके सीने में गोली दागकर उसकी हत्या कर दी गई है।
2007 में हुई थी शादी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विश्वनाथ की शादी 2007 में हुई थी। परिवार में उसकी पत्नी और 10 साल की एक लड़की और 11 साल का बेटा है। क्षेत्राधिकारी मोहसिन खान ने बताया कि सुबह कस्बे में मंडी के पीछे एक शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसकी पहचान विश्वनाथ के रूप में हुई है। मृतक अलीगढ़ रोड का निवासी था। बैंड संचालन करता था। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।