मेरठ। जापान के टोक्यो में ओलिंपिक में भाग लेने वाले UP के खिलाड़ियों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार यानी आज वर्चुअल संवाद करेंगे। एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओलिंपिक में जाने वाले खिलाड़ियों और उनके परिजनों से संवाद किया था।
PM के बाद आज CM योगी खिलाड़ियों और उनके परिजनों से बात कर हौसलाफजाई करेंगे। दोपहर 2:40 मिनट पर वर्चुअल संवाद जूम पर होगा। CM सभी खिलाड़ियों को ऑल द बेस्ट कहेंगे। संवाद के लिए जूम लिंक ओलिंपिक प्रतिभागी 10 खिलाड़ियों व उनके परिजनों को दिया जा चुका है।
प्रोत्साहन राशि भी देगी सरकार
यूपी सरकार ने ओलिंपिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा कर दी है। यूपी सरकार ओलिंपिक में एकल गेम में गोल्ड मेडल जीतने पर 6 करोड़, सिल्वर मेडल पर 4 करोड़, ब्रांज मेडल पर 2 करोड़ रुपए देगी। प्रतिभाग करने वाले हर खिलाड़ी को प्रदेश सरकार ने 10 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। टीम गेम में गोल्ड मेडल पर 3 करोड़, सिल्वर मेडल पर 2 करोड़ और ब्रांज मेडल जीतने पर टीम को 1 करोड़ रुपए दिया जाएगा। प्रति खिलाड़ी को 10 लाख रुपए मिलेगा।
ओलिंपिक में हैं UP के 10 खिलाड़ी
मेरठ से 5
- प्रियंका गोस्वामी- एथलेटिक्स
- सौरभ चौधरी- शूटिंग
- वंदना कटारिया-हॉकी
- अन्नू रानी-एथलेटिक्स भाला फेंक
- सीमा पूनिया- एथलेटिक्स
बुलंदशहर से 3,
- सतीश कुमार- बॉक्सिंग
- मैराज अहमद खान- शूटिंग
- अरविंद सिंह – रोइंग
चंदौली से 1
शिवपाल सिंह- एथलेटिक्स
वाराणसी से 1
- ललित कुमार उपाध्याय- हॉकी