झांसी। पुलिस को जिस प्लॉट में बच्ची का शव मिला था, वहीं एक कमरे में खून से सना डंडा और आरोपी संदीप जैन के कपड़े मिले।
नवाबाद थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने संदीन जैन नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया है
उत्तर प्रदेश के झांसी में 8 साल की बच्ची की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव शनिवार सुबह एक मंदिर के पास चादर से लिपटा हुआ मिला। पुलिस ने इस मामले में संदीप जैन नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। बच्ची के घर वालों का कहना है कि दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या की गई। हालांकि, अभी तक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
डीएम आंद्रा वामसी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद इस बात का पता चल सकेगा कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं। SSP रोहित पी कनय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अभी पूछताछ चल रही है। जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
सुबह दूध लेने के लिए निकली थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार मध्य प्रदेश के दतिया जिले का रहने वाला है। जो रोजगार के लिए झांसी में रह रहा है। 8 साल की बेटी शनिवार सुबह साढ़े 6 बजे दूध लेने के लिए घर से निकली थी। लेकिन, जब काफी देर तक नहीं लौटी तो घर वालों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसका शव मंदिर के पास खाली पड़े प्लॉट में मिला। शव चादर से लिपटा हुआ था। शरीर पर चोटों के निशान और सिर पर गहरा घाव था।
इसके बाद घर वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने प्लॉट में बने एक कमरे का ताला तोड़ा तो वहां खून से सना डंडा बरामद हुआ। पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाई तो पता चला कि इस कमरे में हीरो नाम का एक युवक रहता है, जो वहीं गोशाला की रखवाली करता है। कुछ दिन पहले हीरो का भाई संदीप जैन वहां रहने आया था। पुलिस को कमरे में संदीप के कपड़े भी मिले थे।
आरोपी संदीप जैन कुछ दिन पहले ही अपने भाई के साथ रहने आया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी संदीप ने सबूत मिटाने के लिए पास ही बनी टंकी के पास ही खून से सने अपने कपड़े धोए थे। लेकिन, वह कपड़ों को वहीं छोड़कर भाग गया था। आसपास वालों से पूछताछ के बाद पता चला कि कुछ लोगों ने आरोपी संदीप को भागते हुए देखा था। इसके बाद पुलिस ने उसके भाई हीरो को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि हीरो कई सालों से मार्केट में चपरासी का काम देख रहा था। कभी-कभी उसका भाई मिलने आता है। तीन माह पहले वह घर से उसके पास आया था। वह कुछ नहीं करता था, कभी उसे काम में हाथ जरूर बंटा देता था। जांच के चलते मार्केट को सील कर दिया गया। शुक्रवार की शाम आरोपी संदीप जैन को पुलिस ने दतिया से गिरफ्तार किया।