मीरजापुर। जिले में एक युवती पारिवारिक कलह से परेशान होकर शनिवार की दोपहर में चुनार पक्का पुल से गंगा में कूद गई। मछली मार रहे मल्लाह ने उसे नदी में कूदते हुए देख लिया। उसे बचाने के लिए वह छोटी सी नाव लेकर नदी में चल पड़ा। उसके पास पहुंचने के बाद मल्लाह ने उसका हांथ पकड़ लिया। काफी देर तक पानी की धार के साथ दोनों बहते रहे।
मल्लाह ने लड़की को बचाने के लिए दांव पर लगा दी जिंदगी
जान देने के लिए कूदी लड़की पानी में थी तो बचाने वाला छोटी नाव पर सवार था। लड़की को उसने किसी प्रकार नाव पर खींचने का प्रयास किया। सामने खड़ी मौत को देखकर लड़की सहमी गई थी। वह काफी हिम्मत करके नाव की तरफ हाथ और पांव मारते हुए चल पड़ी।
लड़की तो नाव पर आ गई। लेकिन इसी दौरान उसे बचाने वाला झटके से गहरे पानी में गिर पड़ा।
नजारा देख लोगों की अटकी गई सांसे
युवती के कूदने और उसे बचाने के दौरान का नजारा देख रहे लोगों की सांसे अटकी गई। महिलाओं के गले से चीख निकल पड़ी। नाविक ने खुद पानी में तैरते हुए लड़की को ढांढस बंधाया और नाव पर चढ़ा। उसके नाव का पतवार संभालने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने युवती को किया घरवालों के हवाले
थोड़ी बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने लड़की का प्राथमिक उपचार कराने के बाद समझा- बुझाकर परिजनों को सौंप दिया। पूछताछ में लड़की ने बताया कि वह चुनार कोतवाली क्षेत्र के चौक बाजार की रहने वाली है। उसकी उम्र 18 साल है। उसने पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर नदी में छलांग लगा दी थी।