उत्तर प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़ वाराणसी

आज जनपद में चलेगा मेगा कोविड-19 टीकाकरण अभियान

शुक्रवार प्रातः 8 बजे से सिर्फ शुक्रवार के लिए ही खोले जायेंगे स्लॉट, करा सकेंगे टीकाकरण
• महिला व अंतर्राष्ट्रीय स्पेशल के लिए एक-एक केंद्र पर लगेगा टीका
• सीएमओ ने की अपील शांतिपूर्ण तरीके से उठाएं टीकाकरण का लाभ

वाराणसी| जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देशन में जनपद में कोविड-19 टीकाकरण का महा अभियान चलाया जा रहा है। सरकार द्वारा लगातार अधिक से अधिक लोगों के कोविड-19 टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। इस क्रम में समय-समय पर मेगा कोविड-19 टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीबी सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जनपद में मेगा कोविड-19 टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा जिसमें करीब 172 केंद्रों पर लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार प्रातः 8 बजे से सिर्फ शुक्रवार के लिए ही स्लॉट खोले जाएंगे और लाभार्थी 10 बजे से टीकाकरण करा सकते हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले आज (शुक्रवार) को ग्रामीण क्षेत्र के 112,शहरी क्षेत्र के 55, तीन वर्कप्लेस, एक महिला स्पेशल व एक अंतर्राष्ट्रीय स्पेशल केंद्र पर टीकाकरण किया जायेगा।
शहरी क्षेत्र में ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करने वाले नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के केन्द्रों पर आनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करने वाले तथा ऑन स्पॉट (वॉक इन) नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा। सीएमओ ने लोगों से अपील किया है कि अधिक से अधिक लोग अपने नजदीकी ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर उपस्थित होकर अपना टीकाकरण कराएं।
सभी नागरिक अपनी बारी आने पर ही टीकाकरण कराएं। उन्होंने आग्रह किया है कि सरकार द्वारा दी जा रही निःशुल्क सुविधाओं का शांतिपूर्ण तरीके से लाभ उठाएं जिससे अन्य नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो।
सीएमओ ने बताया कि जनपद में जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा पर महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इन सत्रों पर महिलाएं पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर अपना टीकाकरण करा सकती हैं। महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र हेतु भी स्लाट खोले जाएंगे इसमें पंजीकृत महिला टीका लगवा सकती है। सीएमओ ने कहा कि जिन नागरिकों के द्वितीय डोज़ लगवाने का समय हो गया है, वह टीकाकरण केन्द्र पर जाकर अपना टीकाकरण अवश्य करा लें।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *