मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनोट की कोरोना रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। इसके बाद उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ध्यान मुद्रा में तस्वीर भी पोस्ट की। कंगना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई अपनी तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘मैं बीते कुछ दिनों से थकान और कमजोरी महसूस कर रही थी। आंखों में हल्की जलन भी हो रही थी। हिमाचल जाने का सोच रही थी, इसलिए कल कोरोना टेस्ट कराया, आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।’
उन्होंने लिखा, ‘मैंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। मुझे कोई आइडिया नहीं था कि यह वायरस मेरे शरीर में पार्टी कर रहा था। अब मुझे पता चल गया है तो मैं इसे ध्वस्त कर दूंगी। अपने आप पर कोई शक्ति हावी न होने दें। अगर आप डरेंगे तो ये आपको और डराएगा। आइए इसे खत्म करते हैं। कोविड-19 कुछ नहीं, सिर्फ थोड़े समय का फ्लू है। हर हर महादेव।’
लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की थी
कंगना ने हाल ही में कहा था कि कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से देश में ऑक्सीजन की मांग बढ़ रही है। ऑक्सीजन का उपयोग करने वालों को हवा को बेहतर बनाने के लिए काम करना चाहिए। उन्हें पेड़ लगाना चाहिए। उन्होंने सभी से वैक्सीन लगवाने की अपील भी की थी। उन्होंने कहा था कि अगर हम समाधान नहीं कर सकते तो हमें समस्या भी नहीं बनना चाहिए।