उत्तर प्रदेश प्रदेश लेटेस्ट न्यूज़

आगरा में AAP को नहीं मिली तिरंगा यात्रा की इजाजत

आगरा। जिले में आम आदमी पार्टी (आप) को तिरंगा यात्रा निकालने के लिए प्रशासन से अनुमति देने से इंकार कर दिया है। वहीं, पार्टी यात्रा निकालने पर अड़ी है। हालांकि रूट बदल कर यात्रा निकालने पर अनुमति देने का विचार भी चल रहा है। इस कार्यक्रम में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया पहुंचेंगे।

जीआइसी ग्राउंड से प्रस्तावित है तिरंगा यात्रा

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष बनै सिंह पहलवान की ओर से प्रशासन से 29 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालने की अनुमति मांगी गई थी। पत्र में कहा गया था कि जीआइसी मैदान से तिरंगा यात्रा शुरू होकर सुभाष पार्क, धाकरान, मंटोला, सदर भट्‌टी होते हुए बिजलीघर आंबेडकर पार्क पर समाप्त होगी। मगर, एडीएम सिटी द्वारा तिरंगा यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है। उनकी ओर से कहा गया है कि एसपी सिटी की आख्या में आयोजन की संस्तुति नहीं की गई है, इस कारण अनुमति का प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया गया है।

दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया आएंगे

आम आदमी पार्टी की ओर से बताया गया है कि तिरंगा यात्रा में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया और आप के प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सदस्य संजय सिंह आएंगे। जिलाध्यक्ष बनै सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से तिरंगा यात्रा का रूट बदलने के बाद अनुमति देने की बात कही गई है। अब तिरंगा यात्रा का रूट जीआइसी मैदान से शहीद स्मारक किया गया है। यात्रा तीन बजे से निकाली जाएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *