वाराणसी। खेत में खाद डालने गए एक रिटायर्ड फौजी को घात लगाकर बैठे बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। उनके शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया है। पीड़ित ग्राम प्रधान का बड़ा भाई है। वारदात की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर फूलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
खेत जाते समय मारी गई गोली
फूलपुर थाना के गजोखर गांव के ग्राम प्रधान विनोद पाल के भाई संतोष पाल (44 साल) रिटायर्ड फौजी हैं। संतोष मंगलवार सुबह खाद डालने खेत गए थे। उसी दौरान पहले से घात लगा कर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली संतोष के दाहिने कंधे से नीचे हाथ पर लगी। इसके बाद बदमाश भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग भाग कर घटनास्थल पर पहुंचे। संतोष को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बीएचयू अस्पताल रेफर कर दिया।
एक पुराने मामले को लेकर हमला
ग्राम प्रधान विनोद पाल ने बताया कि एक व्यक्ति से चुनावी रंजिश चल रही है। आशंका है कि उसी के चलते संतोष को गोली मारी गई है। उधर, सीओ पिंडरा अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि वारदात की वजह प्रथमदृष्टया पुरानी रंजिश समझ में आई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी। बदमाशों की धरपकड़ के लिए फूलपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की दो टीम गठित की गई है।