हाथरस। हाथरस में सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हुए एक दोस्त ने अपने दोस्त को पुकारा तो वह देवदूत बनकर घटना स्थल पर पहुंचा और अपने घायल दोस्त को बाइक पर रस्सी से बांधकर अस्पताल पहुंचाया।
अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग गया था
दरअसल मुरसान थाने के गांव कथरिया के रहने वाले मनोज को हाथरस के आगरा-अलीगढ हाईवे स्थित लहरा चौराहे के पास अज्ञात वाहन रात में टक्कर मारकर भाग गया।
लोग कह रहे…दोस्त हो तो ऐसा
हादसे में उसे गम्भीर चोटें आई जिसके बाद वो घंटों तक मदद की गुहार लगाता रहा मगर किसी ने उसकी मदद नहीं की। बाद में घायल मनोज ने अपने दोस्त नरेंद्र को फोन कर घटना की जानकारी दी तो वह मौके पर तुरंत पहुंचा और उसने घायल को अपने आप से रस्सी से बांधकर अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने घायल को उपचार दिया और दोस्त की मदद को सराहते हुए दोनों की दोस्ती और जज्बे को सलाम किया।